रामगढ़ (झारखंड) : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल), रामगढ़ में आयोजित ‘अरुणा बुधिया मेमोरियल कैरम एंड चेस टूर्नामेंट-2026’ का सफलतापूर्वक समापन हो गया। कर्मचारियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, खेल भावना, टीमवर्क एवं आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
टूर्नामेंट में कैरम सिंगल्स प्रतियोगिता में 70 प्रतिभागियों, कैरम डबल्स में 16 टीमों तथा शतरंज प्रतियोगिता में 36 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, एकाग्रता और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
रोमांचक मुकाबलों के बाद शतरंज प्रतियोगिता में ऋषभ गुप्ता विजेता बने। वहीं कैरम सिंगल्स में जितेंद्र प्रसाद ने प्रथम स्थान हासिल किया। कैरम डबल्स प्रतियोगिता में जितेंद्र प्रसाद और सोमनाथ रॉय की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की गई। इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों ने कहा कि खेल गतिविधियां कर्मचारियों के मानसिक विकास, रणनीतिक सोच, एकाग्रता और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विजेताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
बीएफसीएल प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी अपने कर्मचारियों के समग्र विकास और सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि ‘अरुणा बुधिया मेमोरियल कैरम एंड चेस टूर्नामेंट-2026’ कर्मचारियों के लिए ऐसा साझा मंच साबित हुआ, जहां उन्होंने प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ आपसी सौहार्द, सहयोग और टीम भावना का भी उत्कृष्ट परिचय दिया।
प्रबंधन के अनुसार, यह आयोजन बीएफसीएल की कर्मचारी-केंद्रित संस्कृति को और सुदृढ़ करने तथा संगठन में सहभागिता एवं आपसी जुड़ाव को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।