रामगढ़ (झारखंड) : भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला के दो दिवसीय संगठनात्मक प्रवास के दूसरे दिन मंगलवार को खूंटी के पूर्व विधायक एवं भाजपा झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा रामगढ़ कैंट मंडल कार्यालय पहुंचे। मंडल अध्यक्ष सुषांत पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने कार्यकर्ताओं से संगठन को अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने, बूथ स्तर तक पहुंच मजबूत करने तथा जनसंपर्क अभियान को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में बीएल-2 की भूमिका, आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना, शक्ति केंद्रों पर 24 घंटे प्रवास तथा प्रत्येक बूथ पर बैठक के रूप में मन की बात कार्यक्रम सुनने को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को जिला प्रभारी सुरेंद्र महतो ने भी संबोधित किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला, जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी, जिला मंत्री शिव कुमार महतो, बबलू साव, पूर्व जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष तथा रामगढ़ कैंट के वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान हूल दिवस भी मनाया गया। इस अवसर पर वीर क्रांतिकारी सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव सहित हूल आंदोलन के सभी नायकों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद भाजपा के पूर्व जिला कोषाध्यक्ष स्वर्गीय सुबोध सिंह के निधन पर शोकसभा आयोजित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
मंडल अध्यक्ष सुषांत पांडेय ने प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन मंडल के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायक है और इससे संगठन को नई दिशा मिलेगी।