पेटरवार / बोकारो (झारखंड) :भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने गुरुवार को पेटरवार प्रखंड कार्यालय में छापेमारी कर उर्दू अनुवादक सह प्रभारी प्रधान सहायक गुलाम रसूल को कथित रूप से 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद पूरे प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, मामला 15वें वित्त आयोग की एक योजना से संबंधित भुगतान का है। आरोप है कि योजना की राशि जारी करने के एवज में संबंधित लाभुक से 8 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। भुगतान में लगातार हो रही देरी के बाद लाभुक ने इसकी शिकायत धनबाद स्थित एसीबी कार्यालय में दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। गुरुवार को शिकायतकर्ता तय योजना के अनुसार प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचा और आरोपी को कथित रूप से रासायनिक पदार्थ लगे 8 हजार रुपये सौंपे। इसी दौरान पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
टीम ने रिश्वत की राशि जब्त करने के साथ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ धनबाद ले गई।
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इसे भ्रष्टाचार के विरुद्ध महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रखंड प्रमुख शारदा देवी सहित अन्य लोगों ने कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को पारदर्शी व्यवस्था मिलनी चाहिए और ऐसी कार्रवाई से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
एसीबी की इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में दिनभर मामले की चर्चा होती रही। जांच एजेंसी अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।