जमशेदपुर (झारखंड) : हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) द्वारा शुक्रवार को आहूत जमशेदपुर बंद का शहरभर में व्यापक प्रभाव देखने को मिला। सुबह से ही अधिकांश बाजार, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और पेट्रोल पंप बंद रहे, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा रहा और लोगों की आवाजाही भी सीमित रही।
साकची, गोलमुरी, बर्मामाइंस, टिनप्लेट, टेल्को, बारीडीह और सिदगोड़ा समेत कई इलाकों में दुकानों के शटर बंद रहे। बंद समर्थक विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन करते नजर आए और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप था कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के कारण आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है और कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गोलमुरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में समर्थक सड़कों पर उतरे और व्यापारियों से बंद में सहयोग की अपील की। वहीं, बिष्टुपुर क्षेत्र में भी कई व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों और स्थानीय कारोबारियों ने बंद का समर्थन करते हुए विरोध प्रदर्शन में भाग लिया।
बंद का सबसे अधिक असर परिवहन व्यवस्था पर देखने को मिला। शहर में मिनी बसों का परिचालन लगभग पूरी तरह बंद रहा, जबकि सड़कों पर केवल कुछ ऑटो ही चलते दिखाई दिए। सार्वजनिक परिवहन प्रभावित होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई तथा लगातार गश्त की जाती रही। समाचार लिखे जाने तक कहीं से किसी अप्रिय घटना या हिंसक झड़प की सूचना नहीं मिली थी और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई गई।
इधर, एहतियात के तौर पर पुलिस ने सुबह जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय चुनाव लड़ चुके पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को उनके आवास से हिरासत में ले लिया। प्रशासन का कहना है कि बंद के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया।