गिद्दी में हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, एक गंभीर घायल; मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

Spread the love

गिद्दी  (झारखंड) : रामगढ़ जिले के गिद्दी सी वाशरी कॉलोनी के समीप रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाइवा की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मिश्राइनमोढ़ा के चूल्हाबेड़ा निवासी सोढ़न बेदिया और देवनारायण बेदिया बाइक (JH 24E 9328) से काम करने के लिए बिहार फाउंड्री, रांची रोड जा रहे थे। इसी दौरान गिद्दी सी वाशरी कॉलोनी के पास एक हाइवा (JH 02BQ 5854) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में सोढ़न बेदिया बाइक समेत हाइवा के चक्के के नीचे फंस गए। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल देवनारायण बेदिया को गिद्दी में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल रेफर किया गया।

घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने तथा घायल के समुचित इलाज की व्यवस्था करने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।