रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज ने सोमवार को जिला सामाजिक सुरक्षा कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन तथा लंबित मामलों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने वृद्धावस्था पेंशन, सर्वजन पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों और उनके निष्पादन की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित आवेदनों की संख्या, उनके लंबित रहने के कारणों और उनके निस्तारण के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय के अभिलेखों, पंजी संधारण, फाइलों के रख-रखाव तथा कार्यालय व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक लाभुक और आम नागरिक के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं का यथासंभव त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक और सामाजिक संबल प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी पात्र लाभुक को अनावश्यक रूप से कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें लाभ से जोड़ने, आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाए रखने तथा लंबित मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और कार्य संस्कृति में निरंतर सुधार पर भी बल दिया।