रामगढ़ कैंट (झारखंड) : विश्व वॉलीबॉल दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ द्वारा पोर्चरा, बरकाकाना स्थित प्रतिभाशाली महिला वॉलीबॉल खिलाड़ियों को उनके समर्पण, उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर क्लब की सदस्यों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए वॉलीबॉल मैच का भी आनंद लिया और उनके खेल कौशल की सराहना की। खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने तथा सहयोग स्वरूप ट्रैकसूट और खेल के जूते भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्षा श्वेता जैन ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ अन्य युवाओं को भी खेलों की ओर प्रेरित करते हैं।
इस मौके पर क्लब की सचिव नवलजीत कौर सहित प्रियंका जैन, नीरू साहनी, जसविंदर होरा, निधि चौधरी, अंबाली जैन एवं गुरबक्स सैनी सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।