खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन और सुरक्षित खाद्य प्रबंधन पर कर्मचारियों को किया गया जागरूक
रामगढ़ (झारखंड) : कर्मचारियों में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित खाद्य प्रबंधन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बीएफसीएल के सेंट्रल ट्रेनिंग हॉल (एचएएसपी) में 7 जुलाई को ‘फूड एलर्जेन्स’ विषय पर प्रशिक्षण-सह-जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन बीएफसीएल के फैक्ट्री मेडिकल ऑफिसर डॉ. लेख राज ने किया। उन्होंने कर्मचारियों को खाद्य एलर्जी (Food Allergens) के प्रमुख कारणों, सामान्य एलर्जेन, उनकी पहचान, बचाव के उपाय तथा खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, तैयारी और परोसने के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. लेख राज ने कहा कि खाद्य एलर्जी के प्रति जागरूकता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन कर संभावित स्वास्थ्य जोखिमों को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। उन्होंने कर्मचारियों से भोजन तैयार करने और परोसने के प्रत्येक चरण में स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशासन एवं कैंटीन विभाग के कर्मचारियों की अनिवार्य भागीदारी रही, जबकि अन्य विभागों के कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी, ज्ञानवर्धक और व्यावहारिक बताया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी कर्मचारियों से सुरक्षित भोजन, खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन तथा खाद्य एलर्जी के प्रति निरंतर सतर्क रहने का आह्वान किया गया।