50 हजार मीट्रिक टन कोयला स्टॉक की लगातार निगरानी, पानी का छिड़काव और मशीनों से तापमान नियंत्रित करने का प्रयास
कुजू (रामगढ़),झारखंड :सीसीएल के कुजू क्षेत्र स्थित तोपा परियोजना में बुधवार को कोयला स्टॉक से धुआं निकलने की सूचना मिलने के बाद परियोजना प्रबंधन पूरी तरह अलर्ट हो गया। संभावित आगजनी की आशंका को देखते हुए तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और पूरे स्टॉक की लगातार निगरानी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, तोपा परियोजना के स्टॉक यार्ड में करीब 50 हजार मीट्रिक टन कोयला सुरक्षित रखा गया है। बुधवार दोपहर स्टॉक के एक हिस्से से धुआं उठता देख कर्मियों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही परियोजना प्रबंधन ने मौके पर पहुंचकर पानी का छिड़काव शुरू कराया।
इसके साथ ही भारी मशीनों की मदद से कोयले की परतों को अलग-अलग कर भीतर के गर्म हिस्सों को ठंडा करने का कार्य भी युद्धस्तर पर शुरू किया गया। इसका उद्देश्य अंदरूनी तापमान को नियंत्रित कर संभावित आग लगने की घटना को रोकना है।
विशेषज्ञों के अनुसार, लंबे समय तक एक स्थान पर पड़े कोयले में अंदरूनी तापमान बढ़ने से स्वतः ऊष्मा उत्पन्न होने लगती है, जिससे धुआं निकलने या आग लगने की आशंका बनी रहती है। इसी कारण इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एहतियाती कदम उठाए जाते हैं।
तोपा परियोजना प्रबंधन ने बताया कि कोयला स्टॉक से धुआं निकलने की सूचना मिलते ही आवश्यक सुरक्षा उपाय शुरू कर दिए गए हैं। आग लगने की किसी भी संभावना को रोकने के लिए लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है और पूरे स्टॉक की तकनीकी निगरानी की जा रही है।
प्रबंधन के अनुसार, जब तक स्टॉक का तापमान पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाता, तब तक बचाव कार्य जारी रहेगा। तकनीकी टीम भी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।