रामगढ़ (झारखंड) :वर्षा ऋतु के दौरान जलजनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब रामगढ़ द्वारा शनिवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित कुओं एवं नालियों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया।
क्लब की ओर से बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य बारिश के मौसम में जलजनित संक्रमण, दुर्गंध और मच्छरों के प्रकोप को कम करना है, ताकि डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और हैजा जैसी बीमारियों से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अभियान के दौरान क्लब की सदस्यों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर स्वच्छता का संदेश दिया और आम लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा जलभराव से बचने के लिए जागरूक किया। क्लब ने बताया कि वह प्रतिवर्ष मानसून के दौरान ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कर समाज को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास करता है।
इस अवसर पर क्लब की अध्यक्षा श्वेता जैन, सचिव नवलजीत कौर, प्रियंका जैन, मधु अग्रवाल, रंजू अरोड़ा, नीरू साहनी, जसमीत सोनी, गुरबक्स सैनी सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।