रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त श्री ऋतुराज के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) श्री राजेश एक्का ने टाटा स्टील, घाटो का निरीक्षण कर वाहन चालकों के लिए संचालित सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण एवं काउंसलिंग व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य सुरक्षित वाहन संचालन को बढ़ावा देना तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संस्थान द्वारा किए जा रहे प्रयासों का मूल्यांकन करना था।
निरीक्षण के दौरान डीटीओ ने वाहन चालकों को दिए जा रहे सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण, सुरक्षा मानकों के अनुपालन, नियमित काउंसलिंग सत्रों और सुरक्षित ड्राइविंग संस्कृति विकसित करने के लिए अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण की कार्यप्रणाली का प्रथम दृष्टया निरीक्षण करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस दौरान श्री राजेश एक्का ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल यातायात नियमों का पालन पर्याप्त नहीं है, बल्कि वाहन चालकों में सुरक्षित, जिम्मेदार और अनुशासित ड्राइविंग की आदत विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित प्रशिक्षण, समय-समय पर काउंसलिंग तथा सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने संस्थान प्रबंधन से सड़क सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रमों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा अधिक से अधिक वाहन चालकों को इससे जोड़ने पर भी बल दिया।