रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ +2 उच्च विद्यालय, कोयरी टोला के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने अंचल अधिकारी रामगढ़ को पत्र लिखकर विद्यालय परिसर में स्थित दो हरे-भरे पेड़ों को अवैध रूप से काटे जाने के मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही विद्यालय की भूमि पर अतिक्रमण कर मंदिर बनाये जाने की बात भी आवेदन में लिखा गया है। इस मंदिर के पास के दो पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायत की गयी है।
13 जुलाई 2026 को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि रामगढ़ +2 उच्च विद्यालय, कोयरी टोला के विद्यालय परिसर में मंदिर के निकट दो हरे-भरे पेड़ अवैध रूप से काट दिए गए हैं। प्रधानाध्यापक ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि विद्यालय की भूमि पर अतिक्रमण कर मंदिर का निर्माण किया गया है। इसके बाद 12 जुलाई 2026 की शाम लगभग 6:30 बजे दोनों पेड़ों को काटकर गिरा दिया गया, जिससे विद्यालय परिसर को नुकसान पहुंचा है और लकड़ियां भी वहीं पड़ी हुई हैं।
प्रधानाध्यापक ने डीएफओ से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। साथ ही पत्र की प्रतिलिपि थाना प्रभारी, रामगढ़ एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी, रामगढ़ को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि सरकारी भूमि पर लगे हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई गंभीर मामला है। ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई नहीं होने से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।