रामगढ़ में कोटपा-2003 पर विशेष प्रशिक्षण : तंबाकू नियंत्रण कानून के प्रभावी प्रवर्तन के लिए अधिकारियों को किया गया प्रशिक्षित

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : जिले को तंबाकू मुक्त बनाने और तंबाकू नियंत्रण अधिनियम (COTPA-2003) के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार ठोस कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में उपायुक्त श्री ऋतुराज के निर्देशानुसार बुधवार को पुलिस अधीक्षक सभागार, रामगढ़ में COTPA-2003 के अंतर्गत गठित छापामार दस्ता (Raid Team) के सदस्यों एवं जिले के सभी थाना प्रभारियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को COTPA-2003 की विभिन्न धाराओं, तंबाकू उत्पादों की बिक्री एवं उपयोग से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा अधिनियम के प्रभावी प्रवर्तन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान निषेध, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर प्रतिबंध, तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन संबंधी नियमों एवं उल्लंघन की स्थिति में की जाने वाली कार्रवाई से भी अवगत कराया गया।

प्रशिक्षकों ने बताया कि अधिनियम का सख्ती से पालन कराने में पुलिस, प्रशासन एवं छापामार दस्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से नियमित जांच अभियान चलाने, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आमजन के बीच तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रामगढ़ (झारखंड) को तंबाकू मुक्त जिला बनाने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम और प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से संचालित किए जाएंगे।