रक्षा बंधन पर डाक विभाग की अनूठी पहल, ‘राखी बनाओ और डाक से भेजो’ प्रतियोगिता का स्कूलों में प्रचार

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के प्रतीक रक्षा बंधन के पावन अवसर पर डाक विभाग द्वारा आयोजित “राखी बनाओ और डाक से भेजो” प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के लिए रामगढ़ सब डिवीजन के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय एवं प्रधान डाकघर रामगढ़ कैंट के पोस्टमास्टर मो. जसीम खान ने बुधवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों का दौरा किया।

इसी क्रम में दोनों अधिकारियों ने रामगढ़ के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान राम प्रसाद चंद्रभान सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य प्रवीण जी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय को डाक विभाग का गंगाजल भी भेंट किया तथा प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी।

प्रधानाचार्य प्रवीण जी ने डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि डिजिटल युग में भी डाक विभाग बच्चों को अपनी सेवाओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का सराहनीय प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के 500 छात्र-छात्राओं को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव रविशंकर राय ने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों में जाकर प्रतियोगिता की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इसमें भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को डाक सेवाओं से जोड़ने के साथ-साथ रक्षा बंधन के पारंपरिक महत्व से भी परिचित कराना है। इस अवसर पर मुख्य रूप से पोस्टमास्टर,मार्केटिंग अधिकारी रविशंकर राय,प्रधानाचार्य प्रवीण जी,सहायक शिक्षक सुनील कुमार,संगीता मिश्रा,निकिता शर्मा,अंजू कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे ।