पतरातू डैम को मिली नई पहचान : 16 जुलाई से शुरू होंगे म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट

Spread the love

पतरातू (रामगढ़), झारखंड : रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पतरातू डैम में पर्यटन को नई उड़ान मिलने जा रही है। लंबे समय से प्रतीक्षित म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का शुभारंभ 16 जुलाई (गुरुवार) को दोपहर 12 बजे झारखंड पर्यटन विभाग द्वारा लेक रिजॉर्ट परिसर में किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से पतरातू डैम की पर्यटन पहचान को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

उद्घाटन समारोह में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदीव्य कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और दोनों परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

पतरातू डैम अपनी प्राकृतिक सुंदरता, शांत झील और चारों ओर फैली पहाड़ियों के कारण पहले से ही पर्यटकों का पसंदीदा स्थल रहा है। अब अत्याधुनिक म्यूजिकल फाउंटेन की रंग-बिरंगी रोशनी और संगीत का आकर्षक प्रदर्शन तथा झील के बीच विकसित फ्लोटिंग रेस्टोरेंट यहां आने वाले पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेंगे।

पर्यटन विभाग का मानना है कि इन नई सुविधाओं के शुरू होने से पतरातू डैम में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन तथा अन्य पर्यटन व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा।

गौरतलब है कि इन दोनों परियोजनाओं को लेकर पर्यटक लंबे समय से उद्घाटन का इंतजार कर रहे थे। अब उद्घाटन की तिथि तय होने के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों में उत्साह का माहौल है। पर्यटन विभाग को उम्मीद है कि म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट की शुरुआत के बाद पतरातू डैम झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान और अधिक मजबूत करेगा।