रामगढ़ में आज निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, भाई-बहन संग मौसीबाड़ी जाएंगे प्रभु

Spread the love
इसी रथ पर आरूढ़ हो भगवान जगन्नाथ बहन सुभद्रा व भाई बलभद्र के साथ जायेंगे मासीबाड़ी

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ के कैथा स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित रथ यात्रा महोत्सव गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है, वहीं भगवान जगन्नाथ के रथ को भी भव्य रूप दिया गया है। रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर लगभग एक किलोमीटर दूर स्थित मौसीबाड़ी जाएंगे, जहां भक्त रथ को खींचकर ले जाएंगे।

महोत्सव के अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद अलग-अलग समय पर महापूजा, महाआरती एवं विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद एवं भंडारे का भी वितरण होगा।

शाम 6:55 बजे मौसीबाड़ी के लिए प्रस्थान करेगा रथ

मंदिर समिति के अनुसार शाम 6:30 बजे भगवान के विग्रहों को रथ पर विराजमान कराया जाएगा और शाम 6:55 बजे रथ मौसीबाड़ी के लिए रवाना होगा। श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ रथ को खींचते हुए भगवान को मौसीबाड़ी पहुंचाएंगे। वहां विशेष पूजा, आरती एवं प्रसाद वितरण के बाद भगवान नौ दिनों तक विराजमान रहेंगे। 24 जुलाई की शाम धुरती रथ के साथ भगवान पुनः मुख्य मंदिर लौटेंगे।

भजन, कीर्तन, झांकियां और मेले का रहेगा आकर्षण

रथ यात्रा महोत्सव के दौरान भजन संध्या, जीवंत धार्मिक झांकियां तथा इस्कॉन द्वारा संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा रथ यात्रा मेले में बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले एवं अन्य आकर्षण भी लगाए गए हैं।

मंदिर समिति के सदस्य जुटे तैयारियों में

महोत्सव को सफल बनाने में मंदिर के मुख्य पुजारी भागवत नारायण चटर्जी एवं आशुतोष चटर्जी के नेतृत्व में मंदिर समिति के सदस्य और स्थानीय श्रद्धालु सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन में वार्ड पार्षद देवधारी महतो सहित सुदर्शन महतो, राजेश कुमार महतो, विशेश्वर महतो, राजकुमार महतो, रुपेंद्र कुमार महतो, मुकेश महतो, अनूप कुमार महतो, कुलदीप महतो, संतोष कुमार महतो, सुरेश करमाली, संजय करमाली, देवलाल महतो, संदीप कुमार महतो, अजय आस्था, पप्पू महतो, नीतीश कुमार, मुनीम, प्रह्लाद कुमार, परितोष चटर्जी एवं सिद्धार्थ चटर्जी सहित कई श्रद्धालु सहयोग कर रहे हैं।