रामगढ़, झारखंड : प्राचीन काली मंदिर में मां विपत्तारिणी पूजा संपन्न, सैकड़ों महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रामगढ़ कैंट के बंगाली टोला स्थित प्राचीन काली मंदिर में शनिवार को मां विपत्तारिणी पूजा श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई। लगभग 70 वर्षों से लगातार आयोजित हो रही इस पूजा में सैकड़ों महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, मंगल और दीर्घायु की कामना की।

पूजा के दौरान मां विपत्तारिणी को 13 प्रकार के पुष्प, फल, मिठाई, मेवा तथा पके हुए कटहल का विशेष प्रसाद अर्पित किया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार महिलाओं ने लाल सूत्र में 13 गांठ लगाकर उसे अपने दाहिने बाजू में बांधा और माता से परिवार की रक्षा एवं संकटों से मुक्ति का आशीर्वाद मांगा।

पूजा-अर्चना वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ-हवन के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर पुरोहित गणपति गोस्वामी, देवाशीष गोस्वामी एवं सिद्धार्थ गोस्वामी ने विधि-विधान से पूजा कराई।

पूजा के समापन पर महिलाओं ने एक-दूसरे की मांग में सिंदूर लगाकर परिवार के सदस्यों की लंबी उम्र, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में दिनभर भक्ति, आस्था और उत्साह का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर मृदुल गोस्वामी, सरवरी गोस्वामी, रीना गोस्वामी, रानी गोस्वामी सहित बंगाली टोला की बड़ी संख्या में माताएं एवं बहनें पूजा में शामिल हुईं। धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में ऋषिकेश सिंह समेत स्थानीय श्रद्धालुओं का भी सक्रिय सहयोग रहा।