रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज के निर्देशन में शनिवार को चितरपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में आम नागरिकों की सुविधा के लिए एक दिवसीय विशेष चालक अनुज्ञप्ति (ड्राइविंग लाइसेंस) कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जिला परिवहन कार्यालय द्वारा आयोजित इस विशेष शिविर में सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
मोटरयान निरीक्षक ने बताया कि इस विशेष कैंप का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके घर के निकट ही ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।
ऑन-द-स्पॉट दस्तावेज जांच और कंप्यूटर आधारित परीक्षा
कैंप के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने सभी आवेदकों के दस्तावेजों की ऑन-द-स्पॉट स्क्रूटनी की। इसके बाद पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत कंप्यूटर आधारित लर्निंग लाइसेंस (LL) टेस्ट आयोजित किया गया।
इस विशेष कैंप में कुल 83 आवेदकों ने पंजीकरण कर परीक्षा में हिस्सा लिया। इनमें से 47 अभ्यर्थी यातायात नियमों की परीक्षा में सफल घोषित किए गए। सफल अभ्यर्थियों को नियमानुसार जल्द ही लर्निंग लाइसेंस जारी किया जाएगा।
वहीं 36 अभ्यर्थी परीक्षा में सफल नहीं हो सके।
अनुत्तीर्ण अभ्यर्थियों की हुई काउंसलिंग
परीक्षा में असफल रहे अभ्यर्थियों को निराश न होने की सलाह देते हुए परिवहन विभाग के अधिकारियों ने उनकी काउंसलिंग की। इस दौरान उन्हें सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक संकेतों एवं यातायात नियमों से संबंधित विस्तृत पुस्तिका उपलब्ध कराई गई, ताकि वे बेहतर तैयारी के साथ अगली परीक्षा में शामिल हो सकें।
अन्य प्रखंडों में भी लगाए जाएंगे विशेष कैंप
जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश एक्का ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल ड्राइविंग लाइसेंस जारी करना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को जिम्मेदार और सुरक्षित चालक बनाना है। उन्होंने बताया कि चितरपुर में आयोजित इस विशेष कैंप की सफलता को देखते हुए आने वाले दिनों में जिले के अन्य सुदूर प्रखंडों में भी इसी प्रकार के विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित किए जाएंगे।