कुजू (रामगढ़), झारखंड :मांडू प्रखंड के कुजू चौक से नया बाजार जाने वाली मुख्य सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार, मांडू अंचल अधिकारी (सीओ) ने पूर्व में आदेश जारी कर सड़क को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों के सामने किए गए अस्थायी एवं अवैध निर्माण को आंशिक रूप से हटा दिया था।
शनिवार को रामगढ़ अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के निर्देश पर मांडू अंचल निरीक्षक (सीआई) सुभाष प्रजापति के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम सशस्त्र पुलिस बल के साथ चिह्नित स्थलों पर पहुंची। अधिकारियों ने दुकानदारों को एक घंटे के भीतर अतिक्रमण हटाने को कहा और स्पष्ट किया कि ऐसा नहीं करने पर जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण हटाया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने प्रशासन से अतिरिक्त समय देने का अनुरोध किया। इस पर प्रशासन ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए दो दिनों की अंतिम मोहलत प्रदान की और निर्देश दिया कि निर्धारित अवधि के भीतर सभी अवैध अतिक्रमण पूरी तरह हटा लिए जाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि समय सीमा समाप्त होने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सख्ती से की जाएगी।
अभियान के दौरान आरएसआई रवि भूषण ठाकुर, अंचल अमीन बैजनाथ विश्वकर्मा, कुजू ओपी के अवर निरीक्षक संजय हेम्ब्रम सहित महिला एवं पुरुष पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। जिला प्रशासन का कहना है कि सड़क को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।