रामगढ़ (झारखंड) : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को रामगढ़ जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं।
परीक्षा के दौरान जिले के सभी 30 केंद्रों पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की लगातार निगरानी रही। आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केंद्र अधीक्षकों की देखरेख में परीक्षा का संचालन कराया गया।
प्रथम एवं द्वितीय पाली में कुल 9,480 अभ्यर्थियों में से 2,603 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 6,877 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं तृतीय पाली में भी कुल 9,480 अभ्यर्थियों में से 2,599 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 6,881 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी गई, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी केंद्र अधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।