रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रोटरी क्लब ऑफ रामगढ़ सिटी का 9वाँ इंस्टॉलेशन समारोह रविवार को रामगढ़ स्थित ला मेरिडल में गरिमामय एवं भव्य वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में रोटरी परिवार के सदस्यों, विभिन्न क्लबों से आए रोटेरियन्स, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा शहर के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ रोटरी की परंपराओं के अनुरूप किया गया। इस दौरान अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग ने वर्ष 2026-27 के लिए नवगठित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने रोटरी इंटरनेशनल की थीम “Create Lasting Impact” के अनुरूप समाज में स्थायी एवं सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर इलेक्ट रोटेरियन मुकेश तनेजा ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी सेवा, नेतृत्व और मानवीय मूल्यों का सशक्त मंच है, जो समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहायता पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। वहीं असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन पवन अग्रवाल ने क्लब द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए नई टीम को शुभकामनाएं दीं।
समारोह में रोटेरियन राजू अग्रवाल ने वर्ष 2026-27 के अध्यक्ष तथा सुमन चौधरी ने सचिव पद की जिम्मेदारी संभाली। नवगठित टीम ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, रक्तदान, दिव्यांग सहायता सहित विभिन्न सामाजिक सेवा परियोजनाओं को पूरे वर्ष प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ सदस्यों में उमेश राजगढ़िया, हरीश कुमार चौधरी, रूपेश गुप्ता, विकास अग्रवाल एवं प्रकाश अग्रवाल सहित अनेक रोटेरियन्स उपस्थित रहे। वहीं अतिथियों में विष्णु पोद्दार, तुलसी कुमार, सुरेश पी. अग्रवाल, प्रवीण अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, विमल बुधिया, मुरारी लाल अग्रवाल, अनमोल सिंह, मनमोहन सिंह लाम्बा एवं गोविंद मेवाड़ सहित शहर के कई प्रतिष्ठित लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष रोटेरियन्स की उपस्थिति ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था, अनुशासन एवं आत्मीय आतिथ्य की अतिथियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
समारोह के समापन पर सभी सदस्यों ने रोटरी के सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का संकल्प दोहराया। रोटरी क्लब ऑफ रामगढ़ सिटी परिवार ने इस सफल आयोजन में सहयोग देने वाले मुख्य अतिथियों, डिस्ट्रिक्ट नेतृत्व, विभिन्न क्लबों से आए रोटेरियन्स, मीडिया प्रतिनिधियों, सहयोगी संस्थाओं, प्रायोजकों एवं क्लब के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब ने कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और टीम भावना से यह इंस्टॉलेशन समारोह ऐतिहासिक, प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय बन सका।