रामगढ़ साइबर थाना को बड़ी सफलता, ऑनलाइन ठगी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ साइबर थाना पुलिस को ऑनलाइन ठगी के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी के पास से तीन एटीएम कार्ड और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, साइबर अपराध थाना, रामगढ़ कांड संख्या 03/26 में आईटी एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोप था कि अभियुक्तों द्वारा महिलाओं के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उन खातों से साइबर ठगी की राशि का अवैध लेन-देन किया जाता था।

इस मामले में पूर्व में दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी थी। गिरफ्तार आरोपियों के पास से बैंक पासबुक और मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। वहीं, मामले का एक अन्य आरोपी मो. अशफाक उर्फ मो. सलमान उर्फ काला उर्फ लगभग 24 वर्ष, निवासी निसराय बस्ती, राजा महुआ के पास, डीवीसी पीटीओ क्षेत्र, थाना रामगढ़, लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 18 जुलाई 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से तीन एटीएम कार्ड एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसे जब्त कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों एवं नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

गिरफ्तारी अभियान में साइबर अपराध थाना प्रभारी अक्रम रजा (पुलिस उपाधीक्षक स्तर), पुलिस अवर निरीक्षक विजय पासवान, विकास आर्यन, रंजीत कुमार यादव, सहायक अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार पासवान, तथा साइबर थाना एवं तकनीकी शाखा के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन को देने की अपील की है।

I prefer this response