इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ का पदस्थापना समारोह संपन्न, श्वेता जैन ने अध्यक्ष पद की संभाली जिम्मेदारी

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) :  इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ द्वारा सिद्धि विनायक मैरेज हॉल में वर्ष 2026-27 का भव्य पदस्थापना समारोह एवं जिला अध्यक्ष प्रियका कुमार का आधिकारिक दौरा गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में विभिन्न क्लबों के पूर्व अध्यक्षों, सचिवों, विशिष्ट अतिथियों एवं बड़ी संख्या में क्लब की सदस्याओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, इनर व्हील प्रार्थना तथा अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद वर्ष 2025-26 की अध्यक्ष नमिता श्रॉफ ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों, सेवा परियोजनाओं और वार्षिक गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित भी किया गया।

समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में जिला अध्यक्ष प्रियका कुमार ने वर्ष 2026-27 की अध्यक्ष श्वेता जैन को कॉलर एवं पिन पहनाकर विधिवत पदस्थापित किया। नई कार्यकारिणी में जसबिंदर कौर उपाध्यक्ष, नवलजीत कौर सचिव, निधि चौधरी कोषाध्यक्ष, पिंकी बंसल आईएसओ तथा प्रियंका जैन संपादक के रूप में पदभार संभाला।

अपने स्वीकृति भाषण में अध्यक्ष श्वेता जैन ने सेवा, मित्रता और महिला सशक्तिकरण के मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाने तथा समाजहित में अधिक प्रभावी कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर क्लब की वार्षिक पत्रिका ‘रूबरू’ का जिला अध्यक्ष प्रियका कुमार के करकमलों द्वारा लोकार्पण किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने क्लब की सेवा गतिविधियों एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए नवगठित टीम को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं और समाज सेवा के कार्यों को और अधिक व्यापक बनाने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन नीरू साहनी एवं मेघा बगरिया ने किया। धन्यवाद ज्ञापन के बाद सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने स्नेह भोज में भाग लिया।

इस अवसर पर पीडीसी शर्मिष्ठा दत्ता, पूर्व अध्यक्ष अनुराधा श्रॉफ, रंजू अग्रवाल, दीपा वडेरा, विजयलक्ष्मी आयंगर, मधु बरेलिया, नीति अरोड़ा, नम्रता जैन, मनबीर कौर, जसमीत सोनी, सुमन सोनी सहित क्लब की अनेक सदस्याएं, विभिन्न इनर व्हील क्लबों के अध्यक्ष एवं सचिव तथा गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए सेवा एवं समर्पण से परिपूर्ण सफल कार्यकाल की कामना की।

समारोह सेवा, नेतृत्व, मित्रता और सामाजिक समर्पण की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। उपस्थित लोगों ने इसे प्रेरणादायी, सुव्यवस्थित और यादगार आयोजन बताया।