रामगढ़ (झारखंड) :सामाजिक संगठन रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति (RBSS) का 10वां स्थापना दिवस गुरुवार को जनसेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के संकल्प के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर वार्ड संख्या-08 स्थित रानी सती दादी मंदिर परिसर में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरण किया गया तथा फलदार एवं छायादार पौधों का वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान करीब 170 गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के प्रति समिति की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि संगठन की स्थापना 23 जुलाई 2016 को आम जनता के अधिकारों की रक्षा, जनहित के मुद्दों को उठाने और रामगढ़ के समग्र विकास के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने बताया कि शुभचिंतकों के सुझाव पर वर्ष 2020 में समिति का पंजीकरण कराया गया।
धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि पिछले दस वर्षों में समिति ने कई जनहित के मुद्दों पर प्रभावी आंदोलन चलाकर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि बंद पड़े पुराने सदर अस्पताल को पुनः शुरू कराने के लिए आमरण अनशन और आंदोलन किया गया, जिसके बाद प्रशासन ने अस्पताल को पुनः संचालित किया। इसके अलावा रामगढ़ शहर के बस स्टैंड को अन्यत्र स्थानांतरित करने के प्रयास का विरोध कर उसे रोका गया, एसडीओ कोर्ट में अधिवक्ताओं को पुनः बैठाने के लिए संघर्ष किया गया, जिले में सरकारी ब्लड बैंक की स्थापना की मांग उठाई गई तथा छावनी परिषद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समस्या को लेकर लगातार आंदोलन किया गया।
उन्होंने कहा कि समिति ने सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यावरण संरक्षण और अन्य जनहित के अनेक मुद्दों पर लगातार संघर्ष करते हुए आम लोगों की आवाज़ को बुलंद किया है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने समिति के दस वर्षों के संघर्ष, सेवा और जनहित कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति ने हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी है। वक्ताओं ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी संगठन जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
कार्यक्रम के समापन पर समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रामगढ़ के विकास, पर्यावरण संरक्षण और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग : पूजा कुमारी, मनीषा कौंडल, सुरेंद्र राम, पिंटू मालाकार, राम कुशवाहा, अजय कुमार, अमर बोदरा, रवि महतो, बिट्टू कुमार, गीता देवी, राजेंद्र प्रसाद, सोनी कुमारी, गौतम कुमार, सरस्वती कुमारी, शिवानी देवी, श्रवण ठाकुर, संजू कुमार, सिकंदर सोनी, मंजू देवी सहित समिति के अन्य सदस्य एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।