कुजू के पीयूष कुमार का ‘प्रेरणा कार्यक्रम’ के लिए चयन, गुजरात में मिलेगा आईआईटी गांधीनगर के विशेषज्ञों से प्रशिक्षण

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : पब्लिक हाई स्कूल, कुजू के कक्षा 10वीं के मेधावी छात्र पीयूष कुमार ठाकुर का चयन केंद्र सरकार के प्रतिष्ठित ‘प्रेरणा कार्यक्रम’ के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ पूरे रामगढ़ जिले में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम के लिए रामगढ़ जिले से पीयूष एकमात्र चयनित छात्र हैं।

प्रेरणा कार्यक्रम के तहत पीयूष को गुजरात के वडनगर स्थित ऐतिहासिक वर्नाकुलर स्कूल में एक सप्ताह का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का संचालन आईआईटी गांधीनगर के शिक्षकों एवं विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार पीयूष बुधवार को गुजरात के लिए रवाना हो चुके हैं और उनका प्रशिक्षण 26 जुलाई से प्रारंभ होगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों, नवाचार और जीवन कौशल से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका गीतांजलि कुमारी ने पीयूष को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि पीयूष इस प्रशिक्षण से नई सीख और अनुभव लेकर लौटेंगे तथा विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों, सहपाठियों, अभिभावकों एवं माता-पिता ने भी पीयूष कुमार ठाकुर को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।