छोटकी डुंडी के राम जानकी मंदिर में धूमधाम से निकली घूरती रथयात्रा, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा क्षेत्र

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू क्षेत्र के छोटकी डुंडी स्थित राम जानकी मंदिर में गुरुवार को पारंपरिक श्रद्धा और भक्ति के साथ घूरती रथयात्रा का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान श्रीराम, लक्ष्मण तथा माता सीता की रथयात्रा में शामिल होकर क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

धार्मिक परंपरा के अनुसार रथ द्वितीया के अवसर पर मौसी बाड़ी ले जाए गए भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की प्रतिमाओं को श्रद्धापूर्वक पुनः राम जानकी मंदिर लाया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमाओं को रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई।

मंदिर के पुरोहित सत्यदेव पाण्डेय ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं ने भगवान की प्रतिमाओं को रथ पर स्थापित कर पूरे उत्साह के साथ रथ खींचते हुए ठाकुरबाड़ी तक पहुंचाया।

रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने “जय श्रीराम” और “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

इस अवसर पर वीरू महतो, ठाकुदास महतो, आशेश्वर महतो, गणेश महतो, पंकज करमाली, राजेश महतो, सुखदेव महतो, अरुण कुमार, द्वारका महतो, दीपक कुमार, महेंद्र महतो, सुरेंद्र करमाली, बीरबल महतो, मनोज महतो, नेमधारी महतो, मुकेश महतो, दौलत महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भगवान की आरती एवं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण के साथ हुआ।