रामगढ़ (झारखंड) : रामगढ़ जिले ने मातृ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे झारखंड में अपनी अलग पहचान बनाई है। झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति (स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, रांची) द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के तहत वर्ष 2026 की पहली तिमाही में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रामगढ़ को ‘बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट’ (Best Performing District) का सम्मान प्रदान किया गया है।
रामगढ़ जिले की ओर से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार डॉ. विश्वनाथ उरांव एवं गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अपराजित ने प्राप्त किया।
यह सम्मान जिले में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल (ANC) उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया है।
उपायुक्त ने दी पूरी टीम को बधाई
इस उपलब्धि पर उपायुक्त श्री ऋतुराज ने सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जिले के स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिबद्धता और सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करते रहने का निर्देश दिया।
टीम वर्क और समर्पण का मिला पुरस्कार
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार एवं पीएमएसएमए के नोडल पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि यह सम्मान जिले के सभी चिकित्सकों, एएनएम, सहिया बहनों तथा स्वास्थ्यकर्मियों के निरंतर परिश्रम और बेहतर समन्वय का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी टीम लगातार कार्य कर रही है।
हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की हो रही विशेष निगरानी
नोडल पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि सदर अस्पताल रामगढ़ के अलावा जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित की जा रही है। विशेष रूप से हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की चारों अनिवार्य प्रसव पूर्व जांच (4 ANC) अनुभवी चिकित्सकों की निगरानी में सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कराई जा रही है, जिससे समय रहते संभावित जोखिमों की पहचान कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सके।
हर माह की 9 तारीख को मिल रही गुणवत्तापूर्ण सेवाएं
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को गर्भवती महिलाओं को नि:शुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। रामगढ़ जिले में इस अभियान का प्रभावी संचालन किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप जिले को राज्य स्तर पर यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ है।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि यह सम्मान पूरी स्वास्थ्य टीम के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयासों से भविष्य में भी रामगढ़ मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में नए मानक स्थापित करता रहेगा।