रामगढ़ को नशामुक्त बनाने पर जोर, उपायुक्त ऋतुराज ने एनकॉर्ड बैठक में स्कूलों और दवा दुकानों में विशेष अभियान के दिए निर्देश

Spread the love

रामगढ़ (झारखंड) : उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति (एनकॉर्ड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशा मुक्ति अभियान के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा युवाओं को नशे की लत से बचाने और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

बैठक की शुरुआत में प्रभारी सामान्य शाखा पदाधिकारी श्रीमती दीप्ति प्रियंका कुजूर ने पिछली एनकॉर्ड बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

उपायुक्त ने जिले के सभी विद्यालयों में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर रोक लगाने के लिए दवा दुकानों में सघन जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन दवाओं का दुरुपयोग नशे के रूप में किया जा सकता है, उनकी बिक्री, स्टॉक और वितरण पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा इससे संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया जाए।

सार्वजनिक स्थानों पर रात्रि के समय नशे के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागों को ऐसे क्षेत्रों की नियमित निगरानी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा आवश्यकता के अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने की दिशा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उपायुक्त ने सभी विभागों को जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए रोस्टर तैयार करने, उसके आधार पर नियमित जागरूकता अभियान चलाने तथा जिले को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों के 100 मीटर की परिधि में नशीले पदार्थों की बिक्री और उपयोग के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने तथा दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों द्वारा नशा मुक्ति अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी और अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव प्रस्तुत किए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रामगढ़ को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।