रामगढ़ सदर अंचल के हल्का-3 में तीन माह से दाखिल-खारिज ठप, वॉल्यूम पेज की तकनीकी त्रुटि से सैकड़ों मामले लंबित

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रामगढ़ सदर अंचल के हल्का संख्या-3 में पिछले लगभग तीन महीनों से दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) का कार्य पूरी तरह प्रभावित है। ऑनलाइन वॉल्यूम में आवश्यक पेज उपलब्ध नहीं होने की तकनीकी समस्या के कारण सैकड़ों दाखिल-खारिज सहित अन्य राजस्व मामलों का निष्पादन लंबित पड़ा हुआ है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, समस्या के समाधान के लिए रामगढ़ सदर के अंचल अधिकारी ने 8 जुलाई 2026 तथा पुनः 23 जुलाई 2026 को रामगढ़ के अपर समाहर्ता को विभागीय पत्र भेजकर ऑनलाइन वॉल्यूम के पेज संख्या-5 में आवश्यक सुधार कर उसे जारी करने का अनुरोध किया है। विभागीय पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि तकनीकी त्रुटि के कारण हल्का-3 के वॉल्यूम में पेज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते दाखिल-खारिज से जुड़े मामलों का निष्पादन संभव नहीं हो रहा।

अंचल अधिकारी ने अपने पत्र में यह भी अनुरोध किया है कि संबंधित वॉल्यूम में आवश्यक सुधार कर शीघ्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि लंबित मामलों का निष्पादन शुरू किया जा सके और आम लोगों को राहत मिल सके।

इस बीच सबसे हैरानी की बात यह है कि प्रशासन द्वारा हाल ही में दाखिल-खारिज विशेष शिविर भी आयोजित किया गया और शिविर में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन का दावा किया गया। जबकि हल्का-3 में तकनीकी कारणों से पिछले तीन महीनों से दाखिल-खारिज की प्रक्रिया ही ठप पड़ी हुई है। ऐसे में शिविर के बावजूद इस हल्का के आवेदकों को कोई राहत नहीं मिल सकी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन की खरीद-बिक्री, बैंक ऋण, उत्तराधिकार और अन्य राजस्व संबंधी कार्य दाखिल-खारिज लंबित रहने के कारण प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द तकनीकी समस्या का समाधान कर हल्का-3 में दाखिल-खारिज की प्रक्रिया पुनः शुरू कराने की मांग की है।