कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू के कुंदरियाबांध स्थित परवरिश एडूकेयर स्कूल में शनिवार को इंटर हाउस खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग (कक्षा 3 से 5) एवं सीनियर वर्ग (कक्षा 6 से 10) के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
प्रतियोगिता में नेहरू हाउस, गांधी हाउस, बिरसा हाउस और पटेल हाउस के खिलाड़ियों ने रोमांचक मुकाबले खेले। विद्यार्थियों ने तालियों और उत्साहवर्धक नारों के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। प्रतियोगिता का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका संगीता कुमारी के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर जूनियर सेक्शन में येलो डे सेलिब्रेशन भी आयोजित किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चे पीले रंग के फलों, फूलों और पक्षियों की आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। बच्चों की रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को उत्सवमय बना दिया।
विद्यालय के निदेशक शैलेंद्र कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। वहीं बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियां विद्यालय के वातावरण में खुशहाली और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं।
प्रबंधक निदेशक विकास कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। विद्यालय की समन्वयक रश्मि कुजूर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, सहभागिता और अनुशासन होता है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।