कुजू में अज्ञात ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत, चालक फरार

Spread the love

कुजू (रामगढ़), झारखंड : कुजू ओपी क्षेत्र के आरा कांटा महतो टोला के समीप शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान नीरज कुमार (पिता- रामदयाल महतो), निवासी बड़का चुंबा उच्चरिंगा के रूप में हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात ट्रेलर ने पहले आगे चल रही कार (संख्या- JH24C-2563) को टक्कर मारी। इसके बाद ट्रेलर ने बाइक (संख्या- JH02W-6256) को अपनी चपेट में ले लिया। बाइक पर सवार नीरज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुअनि आशीष कुमार गौतम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, रामगढ़ भेज दिया। वहीं दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रेतर कार्रवाई जारी है तथा फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।