प्रथम पुण्यतिथि पर रोटरी क्लब रामगढ़ ने जरूरतमंदों के बीच बांटे भोजन पैकेट, मानव सेवा का दिया संदेश

Spread the love

रामगढ़ कैंट (झारखंड) : रांची रोड रेलवे स्टेशन परिसर में रोटरी क्लब ऑफ रामगढ़ द्वारा रोटेरियन निलंजन दत्त के माता-पिता स्वर्गीय मिनाती दत्त एवं स्वर्गीय रंजन कुमार दत्त की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा, सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने जरूरतमंदों के बीच भोजन पैकेट वितरित कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के तहत राहगीरों, असहाय लोगों, फुटपाथ पर रहने वाले जरूरतमंदों तथा मजदूरों के बीच सैकड़ों भोजन पैकेट वितरित किए गए। रोटेरियन निलंजन दत्त ने अपने माता-पिता की स्मृति में आयोजित इस सेवा अभियान को समाज के प्रति उनकी श्रद्धांजलि बताया।

इस अवसर पर रोटेरियन सुरेश पी. अग्रवाल एवं रोटेरियन डॉ. कांता सोबती ने कहा कि स्वर्गीय मिनाती दत्त और स्वर्गीय रंजन कुमार दत्त धार्मिक, समाजसेवी एवं आध्यात्मिक प्रवृत्ति के व्यक्तित्व थे। उनका जीवन सेवा, त्याग और परिश्रम के मूल्यों पर आधारित था, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

रोटेरियन प्रदीप कुमार सिंह एवं रोटेरियन अरुण कुमार राय ने कहा कि दोनों दिवंगत सदैव धार्मिक कार्यों, सत्संग एवं कीर्तन में सक्रिय रहते थे और समाज के हर वर्ग की सेवा को अपना धर्म मानते थे। उनके सामाजिक योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।

वर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन राजेश कुमार मोदी, रोटेरियन अमरेश गणक एवं रोटेरियन राजेश कुमार ने कहा कि मानव सेवा और जरूरतमंदों की सहायता सबसे बड़ा धर्म है। रोटेरियन निलंजन दत्त द्वारा रोटरी क्लब रामगढ़ के सहयोग से आयोजित भोजन वितरण अभियान न केवल दिवंगत माता-पिता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है, बल्कि समाज में सेवा और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण भी है।

कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब ऑफ रामगढ़ के सचिव रोटेरियन आशीष दत्त ने सभी सहयोगियों, अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में विशेष रूप से राहगीरों और मजदूरों की सेवा को प्राथमिकता दी गई, जिससे कार्यक्रम की मानवीय संवेदना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

कार्यक्रम में सुरेश पी. अग्रवाल, अरुण कुमार राय, प्रदीप कुमार सिंह, डॉ. कांता सोबती, निलंजन दत्त, अमरेश गणक, राजेश कुमार, राजेश कुमार मोदी, आशीष दत्त, संजय चौधरी, राहुल जैन पाटनी, नरेश पासवान, अतिथि शिवनंदन प्रसाद सिंह, जयता दास, रांची रोड रेलवे के कर्मचारी अवधेश राम, नीलम एक्का, शिवकुमार, मुबारक, नीतीश कुमार, संजय कुमार सहित अनेक लोगों ने सक्रिय सहयोग दिया।

कार्यक्रम का समापन दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना तथा समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को आगे बढ़ाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।