नेमरा / गोला (रामगढ़), झारखंड :मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनकी हर चिंता से पूरी तरह अवगत है। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से नजर बनाए हुए है और जांच रिपोर्ट आने के बाद संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रिया के तहत उचित निर्णय लिया जाएगा।
नेमरा में दिशोम गुरु पद्म भूषण शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार के पास आंख भी है, कान भी है और संवेदनशीलता भी है। हम हर घटनाक्रम को गंभीरता से देख और सुन रहे हैं।”
जांच एजेंसियां कर रही हैं लगातार काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की जांच कर रही एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं और सरकार जांच की प्रगति पर नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। सरकार किसी भी मामले में जल्दबाजी के बजाय कानून और संविधान के अनुरूप कार्रवाई करेगी।
छात्रों को मिलेगा न्याय
हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य के युवाओं के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संविधान और कानून के दायरे में रहकर छात्रों के हित में हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब आंदोलनरत छात्र निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।