रामगढ़, (झारखंड) :विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को रामगढ़ के उपायुक्त श्री ऋतुराज ने छत्तरमांडू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उनका संघर्ष, विचार और आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उपायुक्त ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, कला, भाषा और विरासत को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। आदिवासी समुदाय ने देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, रामगढ़, झारखंड द्वारा आदिवासी समुदाय के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान उपायुक्त ने जिलेवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज और जिले के समग्र विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
मौके पर उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल ने भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।