शांतिधारा फाउंडेशन की ‘चावल सेवा’ से करुणा एन.एम.ओ. के 15 शिशुओं को मिला सहयोग

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्था शांतिधारा फाउंडेशन के स्थायी प्रकल्प ‘चावल सेवा’ के तहत रांची के बरियातु रोड स्थित करुणा एन.एम.ओ. में 54 किलोग्राम चावल सेवा के रूप में प्रदान किया गया। यह सेवा रक्षा अग्रवाल द्वारा की गई।

करुणा एन.एम.ओ. की प्रबंधक संगीता देवी ने बताया कि संस्था का यह प्रकल्प निराश्रित एवं संबलहीन बच्चों की सेवा के लिए समर्पित है। वर्तमान में यहां 15 शिशुओं का पालन-पोषण किया जा रहा है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन बच्चों को निःसंतान दंपत्तियों को गोद दिया जाता है।

उन्होंने शांतिधारा फाउंडेशन द्वारा किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्था की ओर से जरूरतमंद बच्चों के लिए किया जा रहा यह सहयोग सराहनीय है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा जताई।

शांतिधारा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने बताया कि संस्था के सौजन्य से विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं द्वारा संचालित अन्न क्षेत्रों, दिव्यांग संस्थानों, वृद्धाश्रमों एवं अनाथ आश्रमों में समय-समय पर ‘चावल सेवा’ उपलब्ध कराई जाती है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकल्प का उद्देश्य जरूरतमंदों तक खाद्य सामग्री पहुंचाकर सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। संस्था आगे भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को निरंतर जारी रखेगी।