अंतरराष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप में अंजना कुमारी ने जीते दो कांस्य पदक

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड :  बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (BFCL) के सहयोग से प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिता के लिए प्रोत्साहित युवा वुशु खिलाड़ी अंजना कुमारी ने जॉर्जिया में आयोजित बातुमी अंतरराष्ट्रीय वुशु चैंपियनशिप-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए दो कांस्य पदक जीतकर देश और झारखंड का नाम रोशन किया है।

30 जुलाई से 4 अगस्त तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अंजना ने डबल डैगर और विनचुन स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता के दौरान उन्होंने खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रभावी प्रदर्शन किया।

झारखंड के ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली अंजना की यह उपलब्धि राज्य की उभरती खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता ने उनकी प्रतिभा और मेहनत को नई पहचान दी है।

अंजना की सफलता में उनके परिवार और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन के साथ BFCL के सहयोग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कंपनी की ओर से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आवश्यक प्रोत्साहन और अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

BFCL ने अंजना कुमारी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल खेल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।