शांतिधारा फाउंडेशन ने लेप्रोसी कॉलोनी के 60 बच्चों को बांटे तिरंगे, पेन और चिप्स

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और सामाजिक समावेश की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रामगढ़ की सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्था शांतिधारा फाउंडेशन की ओर से लेप्रोसी कॉलोनी के बच्चों के बीच तिरंगा झंडा एवं उपहार वितरित किए गए।

फाउंडेशन के सौजन्य से कॉलोनी के सभी 60 बच्चों को एक-एक तिरंगा झंडा, पेन और चिप्स का पैकेट उपहारस्वरूप प्रदान किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से जोड़ना और उनमें देशभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा।

शांतिधारा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल ने बताया कि भारत सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना के अनुरूप यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि बच्चों में राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने के लिए फाउंडेशन पिछले पांच वर्षों से लगातार तिरंगा झंडे का वितरण कर रहा है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 13 से 17 अगस्त के बीच अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाएं।

फाउंडेशन के कार्यकारी अध्यक्ष गोविंद लाल अग्रवाल ने कहा कि समाज के उपेक्षित एवं वंचित वर्ग के बच्चों को तिरंगा और उपहार देकर उन्हें यह संदेश देने का प्रयास है कि देश की प्रगति और सम्मान में उनका भी समान अधिकार और भागीदारी है।

कार्यक्रम में फाउंडेशन के वरिष्ठ सदस्य राजेश कुमार अग्रवाल के अलावा अतिथि मानू चतुर्वेदी एवं चंद्रशेखर यादव उपस्थित रहे।

Permalink: