लगातार बारिश से बढ़ा नदियों का जलस्तर, उपायुक्त ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की 

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, तालाबों, डैम, जलाशयों और अन्य जल स्रोतों का जलस्तर बढ़ गया है। इसे देखते हुए उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों से बढ़े जलस्तर वाले जल स्रोतों के समीप जाने और पानी में प्रवेश करने से बचने को कहा है।

उपायुक्त ने कहा कि लगातार बारिश के कारण कई जल स्रोतों में पानी का बहाव तेज हो सकता है। ऐसे में नहाने, मछली पकड़ने, सेल्फी लेने या किसी अन्य कार्य के लिए नदी अथवा तेज बहाव वाले पानी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। खासकर बच्चों और युवाओं को जल स्रोतों से दूर रखने की अपील की गई है।

CO और थाना प्रभारियों को निगरानी के निर्देश

उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नदियों, डैम, तालाब एवं अन्य जल स्रोतों के आसपास विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है। जोखिम वाले स्थानों पर लोगों की आवाजाही रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा गया है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल स्रोतों के आसपास माइकिंग के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही मुखियाओं एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामीणों को बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न खतरे और बचाव के उपायों की जानकारी देने को कहा गया है।

तेज बहाव वाले पानी में जाने से बचें

उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे जल स्रोतों के आसपास किसी भी प्रकार का जोखिम न लें। अभिभावक बच्चों को नदी, डैम और तालाब के आसपास जाने से रोकें। उन्होंने विशेष रूप से तेज बहाव वाले पानी में उतरने से बचने तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि किसी आपदा या आपात स्थिति में सतर्कता और समय पर सूचना देना सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय है। किसी भी खतरे या आपात स्थिति की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा संबंधित थाना को सूचना दें।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से स्वयं सुरक्षित रहने के साथ-साथ अपने परिवार, पड़ोसियों और आसपास के लोगों को भी बढ़े जलस्तर के संभावित खतरे के प्रति जागरूक करने की अपील की है।