बीएफसीएल में वॉलीबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड  :  बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल), मरार, रामगढ़ परिसर में कर्मचारियों के बीच खेल भावना, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट का सोमवार को शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में कंपनी के विभिन्न विभागों की टीमें उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रही हैं।

टूर्नामेंट में कुल 10 टीमें भाग ले रही हैं, जिन्हें दो समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप-ए में फेरो फाइटर्स, पावर स्मैशर्स, इंडक्शन स्टार्स, सीएलयू सुपर जायंट्स और सेंट्रल ऑटोमोबाइल हॉक्स शामिल हैं। वहीं ग्रुप-बी में एचओ हंटर्स, डीआरआई डिफेंडर्स, कमर्शियल स्पाइकर्स, एडमिन अटैकर्स और कॉमन ब्लॉकर्स की टीमें हैं।

प्रतियोगिता के पहले दिन दोनों समूहों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और आपसी समन्वय का प्रदर्शन किया। मैदान पर खिलाड़ियों के जोश और उत्साह ने पूरे परिसर के माहौल को खेलमय बना दिया।

टूर्नामेंट के लीग चरण के मुकाबले 16, 17, 19, 21 और 23 अगस्त 2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार खेले जाएंगे। सभी टीमें अगले चरण में जगह बनाने के लिए पूरे उत्साह के साथ मैदान में उतर रही हैं।

बीएफसीएल प्रबंधन ने कहा कि कर्मचारियों के लिए इस तरह की खेल गतिविधियां उनके शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक प्रसन्नता के साथ-साथ आपसी समन्वय, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खेल गतिविधियां कर्मचारियों को कार्यस्थल के तनाव से मुक्त होकर नई ऊर्जा और उत्साह के साथ कार्य करने के लिए भी प्रेरित करती हैं।

टूर्नामेंट के आयोजन में श्री अतुल खेतान, एजीएम, अकाउंट्स तथा श्री सैबाल कुनार, एजीएम, एडमिन की भूमिका सराहनीय रही। उनके सहयोग से प्रतियोगिता का आयोजन व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है।

टूर्नामेंट के शुभारंभ के साथ ही सभी टीमों के बीच उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बन गया है। आगामी मुकाबलों में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने की उम्मीद है।