रामगढ़, झारखंड :झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देशानुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत बच्चों में बुनियादी पठन कौशल विकसित करने और पढ़ने की आदत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘मेरा शब्द, मेरी कहानी’ पठन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रामगढ़ जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में पठन अभियान की शपथ दिलाई गई।
अभियान के तहत बाल वाटिका से कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों को पढ़ने के प्रति प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों में पठन के प्रति रुचि विकसित करने के साथ उनकी समझ, भाषा, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति कौशल को मजबूत करना है।
अभियान के दौरान विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें Read Aloud, Shared Reading, Word Story Creation, Our Story in Our Words, World of Stories, QR Code Story Walls, Student Podcast और Read-a-Thon प्रमुख हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विद्यालय स्तर पर अलग-अलग तिथियों में गतिविधियां आयोजित होंगी। 8 सितंबर 2026 को Read-a-Thon का आयोजन किया जाएगा।
अभियान के तहत बच्चों को अपनी पसंद की पुस्तक पढ़ने, कहानी सुनने-सुनाने और अपने शब्दों में कहानी प्रस्तुत करने के अवसर मिलेंगे। इससे उनमें नियमित पठन की आदत विकसित होने के साथ भाषा एवं संचार कौशल में भी सुधार होगा।
जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी ने बताया कि जिले के कक्षा 1 से 5 तक के सभी सरकारी विद्यालयों को निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों और समुदाय की सक्रिय सहभागिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि पठन को बच्चों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जा सके।