रामगढ़ के तीन पीएम श्री स्कूलों का औचक निरीक्षण, शिक्षा निदेशक ने परखी पढ़ाई से लेकर सुविधाओं तक की व्यवस्था

Spread the love

रामगढ़, झारखंड  :   जिले के पीएम श्री विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति जानने के लिए शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद एवं संयुक्त सचिव कुंवर सिंह पाहन ने तीन विद्यालयों का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कक्षाओं से लेकर प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर स्कूल में पढ़ाई की स्थिति की जानकारी ली।

विभागीय आदेश के तहत अधिकारियों ने पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, रजरप्पा प्रोजेक्ट, पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, बरियातू और पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय, कुल्ही का निरीक्षण किया।

कक्षा से लैब तक व्यवस्था की ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं को देखा। उन्होंने विद्यालयों में चल रही शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली और छात्र-छात्राओं से बातचीत कर पढ़ाई तथा शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर उनका अनुभव जाना।

अधिकारियों ने स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों और उनके उपयोग की स्थिति का भी जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह देखना था कि पीएम श्री योजना के तहत विद्यालयों को मिल रही सुविधाओं का विद्यार्थियों को कितना लाभ मिल रहा है।

आधुनिक शिक्षा और नवाचार पर जोर

माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद ने शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में केवल आधारभूत संरचना का विकास ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और आधुनिक शिक्षा को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने विद्यालयों में नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

हर विद्यार्थी तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ

अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को व्यवस्थाओं में लगातार सुधार करने का निर्देश दिया। साथ ही सरकार की ओर से संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ प्रत्येक छात्र-छात्रा तक पहुंचाने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार सील, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (ADPO) अनूप माइकल केरकेट्टा, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी (APO) कुमार राज सहित संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक और विभागीय कर्मी मौजूद रहे।