रामगढ़ में 29 अगस्त को होगी ओपन क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता, पुरुष 10 और महिला 6 किमी दौड़ेंगे

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन, रामगढ़ के तत्वावधान में 29 अगस्त 2026 को ओपन क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देना है। प्रतियोगिता में केवल रामगढ़ जिले के स्थानीय खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे।

प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के लिए 10 किलोमीटर और महिला वर्ग के लिए 6 किलोमीटर दौड़ आयोजित की जाएगी। पुरुष वर्ग की दौड़ का प्रारंभ पटेल चौक से होगा, जबकि महिला वर्ग की दौड़ छावनी फुटबॉल मैदान से शुरू होगी। दोनों वर्गों के प्रतिभागियों को सुबह 5 बजे रिपोर्टिंग करनी होगी।

विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार

प्रतियोगिता के विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पुरुष एवं महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 5,000 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 3,000 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 2,000 रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

27 अगस्त तक करा सकेंगे पंजीकरण

प्रतियोगिता में शामिल होने के इच्छुक खिलाड़ी 27 अगस्त 2026 तक जिला खेल कार्यालय, रामगढ़ में संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकरण के दौरान पहचान एवं पते के प्रमाण के लिए आधार कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए खिलाड़ी 7250433750 अथवा 7488305211 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन ने रामगढ़ जिले के युवाओं एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में भाग लेने और खेल भावना को बढ़ावा देने की अपील की है।