झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन चुनाव में अजीत कुमार का दबदबा, नवीन कुमार ने फिर जीता महासचिव पद

Spread the love
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजीत कुमार

रांची, झारखंड : झारखंड हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के वर्ष 2026-2028 कार्यकाल के लिए हुए चुनाव का परिणाम घोषित कर दिया गया है। पूर्व महाधिवक्ता एवं वरीय अधिवक्ता अजीत कुमार ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। वहीं, नवीन कुमार ने महासचिव पद पर एक बार फिर अपना कब्जा बरकरार रखा है।

अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में अजीत कुमार को 672 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी ऋतु कुमार को 588 वोट मिले। इस तरह अजीत कुमार ने 84 मतों के अंतर से जीत हासिल की।

महासचिव पद पर नवीन कुमार की लगातार जीत

महासचिव पद के चुनाव में नवीन कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 935 वोट हासिल किए। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी अमित सिन्हा को पीछे छोड़ दिया, जिन्हें 458 मत मिले। नवीन कुमार वर्ष 2018 से महासचिव पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और एक बार फिर निर्वाचित होकर उन्होंने अपनी स्थिति मजबूत की है।

अन्य पदों के परिणाम भी घोषित

चुनाव में अन्य प्रमुख पदों के नतीजे भी सामने आए। राहुल कुमार गुप्ता ने 580 मत हासिल कर उपाध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्राण प्रणय को 366 वोट मिले।

कोषाध्यक्ष पद पर श्रेष्ठा मेहता 1088 मत प्राप्त कर निर्वाचित हुईं। वहीं, सहायक कोषाध्यक्ष पद पर आकाशदीप को 706 मत मिले।

इसके अलावा सचिव प्रशासन पद पर विकास कुमार ने 853 वोट हासिल किए, जबकि सचिव लाइब्रेरी के पद पर भोलानाथ ओझा को 741 मत प्राप्त हुए।

पांच चरणों में पूरी हुई मतगणना

मतगणना शनिवार सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई। सबसे पहले मतपत्रों की छंटाई और बंडल तैयार करने का काम किया गया। इसके बाद अलग-अलग चरणों में मतों की गिनती की गई। कुल पांच राउंड में मतगणना पूरी हुई।

मतगणना प्रक्रिया के लिए झारखंड विधानसभा से 10 कर्मियों को लगाया गया था। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

मतगणना पूरी होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर लुकेश कुमार ने विजयी प्रत्याशियों के नामों की औपचारिक घोषणा की। चुनाव समिति के सदस्य एसएन दास और संजय कुमार पांडेय ने मतगणना प्रक्रिया में सहयोग किया।

2017 अधिवक्ताओं ने किया था मतदान

एसोसिएशन के चुनाव के लिए 21 अगस्त को मतदान कराया गया था, जिसमें कुल 2017 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं, गवर्निंग काउंसिल के नौ पदों के लिए मतगणना 23 अगस्त को सुबह 9:30 बजे से प्रस्तावित है।

चुनाव परिणाम सामने आने के बाद विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में उत्साह का माहौल है। नए पदाधिकारियों के सामने एसोसिएशन के अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी होगी।