रामगढ़ कैंट में विकास कार्यों पर बड़े फैसले, बिजुलिया तालाब के जीर्णोद्धार पर खर्च होंगे 4.5 करोड़

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ छावनी परिषद की बैठक सोमवार, 24 अगस्त 2026 को परिषद सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता परिषद अधीक्षक ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी ने की, जबकि संचालन परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी सह सदस्य सचिव विवेक सिंह ने किया। बैठक में रामगढ़ विधायक ममता देवी भी मौजूद रहीं।

बैठक में पूर्व निर्धारित 30 और आठ सर्कुलर एजेंडों पर विस्तार से चर्चा के बाद उन्हें पारित किया गया। इसके अलावा शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, शिक्षा, खेल और आधारभूत संरचना से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

कैंट डेवलपमेंट फंड को एफडी में निवेश करने का निर्णय

बैठक में जुलाई माह के आय-व्यय का लेखा-जोखा पारित किया गया। साथ ही कैंट डेवलपमेंट फंड की राशि को फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में निवेश करने का निर्णय लिया गया। बैठक में बताया गया कि फिक्स्ड डिपॉजिट पर सबसे अधिक 7 प्रतिशत ब्याज देने के लिए बंधन बैंक तैयार है। इसके बाद राशि को उसी बैंक में एफडी कराने का निर्णय लिया गया।

4.5 करोड़ से होगा बिजुलिया तालाब का जीर्णोद्धार

रामगढ़ शहर की महत्वपूर्ण जल संरचनाओं में शामिल बिजुलिया तालाब के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया। परिषद ने करीब 4.5 करोड़ रुपये की लागत से तालाब के विकास का निर्णय लिया है। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कराने की स्वीकृति दी गई।

वहीं, 15 लाख रुपये की लागत से सुभाष चौक के सौंदर्यीकरण का कार्य कराने का भी निर्णय लिया गया।

आठों वार्डों में नाली और सड़क पर खर्च होंगे एक करोड़

नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए परिषद क्षेत्र के सभी आठ वार्डों में नाली और सड़क से जुड़े कार्य कराने का फैसला लिया गया। इसके लिए करीब एक करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इससे विभिन्न वार्डों में जल निकासी और सड़क व्यवस्था को बेहतर करने की योजना है।

परिषद की जमीन पर बाजार और अन्य निर्माण की योजना

बैठक में परिषद की कुल 28.10 एकड़ भूमि में से करीब 2.8 एकड़ भूमि को चिन्हित कर उसका सर्वे कराने का निर्णय लिया गया। परिषद की योजना इस भूमि का उपयोग नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बाजार एवं अन्य आवश्यक निर्माण के लिए करने की है।

बस पड़ाव और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को मिलेगी नई दिशा

बैठक में शहर के नए और पुराने बस पड़ाव के निर्माण तथा जीर्णोद्धार का भी निर्णय लिया गया। इसके अलावा परिषद कार्यालय के पीछे बैडमिंटन कोर्ट के समीप स्थित क्षेत्र को स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी।

इससे शहर के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

ऑनलाइन जमा आठ भवन नक्शे स्वीकृत

बैठक के दौरान ऑनलाइन माध्यम से जमा किए गए आठ भवन निर्माण के नक्शों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इससे भवन निर्माण से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने में सुविधा होगी।

सातों परिषद विद्यालयों में डीएमएफटी से होंगे विकास कार्य

रामगढ़ छावनी परिषद द्वारा संचालित सभी सात विद्यालयों के विकास के लिए डीएमएफटी फंड से चार करोड़ रुपये खर्च करने का निर्णय लिया गया। इस राशि से विद्यालयों में बेंच-डेस्क, कंप्यूटर सहित छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए आवश्यक अन्य सामग्री खरीदी जाएगी।

आवारा और आक्रामक कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था

शहर में बढ़ रहे आवारा एवं आक्रामक कुत्तों की समस्या पर भी बैठक में चर्चा हुई। परिषद ने एनिमल गाइडेंस के तहत ऐसे कुत्तों को पकड़ने के लिए किसी तीसरे पक्ष को अधिकृत करने का निर्णय लिया, ताकि नागरिकों को इससे राहत मिल सके।

बैठक में विभागीय सहयोग के लिए अनिल पासवान, पिंटू कुमार, संजय कुमार, एसएन राव, शंकर महतो, ओमप्रकाश चौहार समेत अन्य परिषद कर्मी उपस्थित रहे।