रामगढ़ कैंट, झारखंड :रामगढ़ शहर एवं भुरकुंडा क्षेत्र में लगातार और अनियमित बिजली कटौती को लेकर रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने चिंता जताई है। चैम्बर के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड राज्य बिजली वितरण निगम लिमिटेड, रामगढ़ के अधीक्षक अभियंता से मुलाकात कर विद्युत आपूर्ति को नियमित एवं निर्बाध बनाने की मांग की।
चैम्बर अध्यक्ष मंजीत सहानी ने कहा कि पिछले कुछ समय से दिन और रात में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों, छोटे-बड़े उद्योग एवं व्यवसायों और विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में अनियमित बिजली कटौती से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
चट्टी बाजार में जर्जर पोल और तारों का मुद्दा उठाया
प्रतिनिधिमंडल ने रामगढ़ शहर के चट्टी बाजार क्षेत्र में विद्युत तारों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। चैम्बर के अनुसार, घनी आबादी वाले बाजार क्षेत्र में पुराने एवं असुरक्षित पोलों के माध्यम से गुजर रहे विद्युत तारों से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
चट्टी बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों और भारी वाहनों की आवाजाही को देखते हुए चैम्बर ने विद्युत तारों को जल्द से जल्द नए एवं मजबूत पोलों पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
चैम्बर ने रखीं ये मांगें
चैम्बर प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत विभाग से रामगढ़ शहर एवं भुरकुंडा में हो रही अनियमित बिजली कटौती की समीक्षा कर आपूर्ति नियमित करने, चट्टी बाजार का तत्काल स्थल निरीक्षण कराने और विद्युत तारों को सुरक्षित पोलों पर स्थानांतरित करने की मांग की।
इसके अलावा पुराने एवं जर्जर विद्युत पोलों और तारों का सर्वे कर आवश्यकतानुसार रखरखाव एवं प्रतिस्थापन, बाजार तथा घनी आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और बार-बार होने वाली तकनीकी समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
चैम्बर अध्यक्ष मंजीत सहानी ने कहा कि विद्युत आपूर्ति किसी भी शहर की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों की आधारभूत आवश्यकता है। लगातार बिजली कटौती से व्यापार और उद्योग प्रभावित होने के साथ आम नागरिकों की दैनिक दिनचर्या भी बाधित होती है। उन्होंने विद्युत विभाग से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस दिशा में अविलंब ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष मंजीत सहानी, मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी मानु, सब कमेटी के सभापति एवं रामगढ़ चैम्बर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष विष्णु पोद्दार तथा पूर्व अध्यक्ष मनजी सिंह शामिल थे।