डीएमएफटी शाखा एवं जिला योजना कार्यालय का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित डीएमएफटी (जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट) शाखा एवं जिला योजना कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दोनों कार्यालयों में संचालित कार्यों, अभिलेखों के संधारण, लंबित मामलों तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

डीएमएफटी शाखा के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिले में डीएमएफटी मद से संचालित योजनाओं एवं परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं की स्वीकृति, क्रियान्वयन, प्रगति एवं पूर्ण योजनाओं से संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित एवं अद्यतन रखने का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त ने कहा कि डीएमएफटी मद का उपयोग जिले के जरूरतमंद क्षेत्रों तथा जनसरोकार से जुड़ी प्राथमिकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी ढंग से किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला योजना कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विभिन्न विकास योजनाओं से संबंधित फाइलों, अभिलेखों एवं प्रगति प्रतिवेदनों की जांच की। उन्होंने लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन करने तथा सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को दिया।

उपायुक्त श्री ऋतुराज ने स्पष्ट कहा कि कार्यालयों में कार्यों के निष्पादन में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं जवाबदेही सुनिश्चित होनी चाहिए। आमजनों से जुड़े कार्यों एवं विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालयों में स्वच्छता, कार्य संस्कृति एवं अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।