उपायुक्त के निर्देश पर सिविल सर्जन ने तीन अल्ट्रासाउंड केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

Spread the love

झारखंड अस्पताल में दस्तावेजों के रख-रखाव में मिली कमी, प्रबंधन से मांगा गया लिखित स्पष्टीकरण

रामगढ़, झारखंड  :  जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और अल्ट्रासाउंड केंद्रों में निर्धारित नियमों के अनुपालन की जांच के लिए उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज के निर्देश पर मंगलवार को विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार के नेतृत्व में गठित जांच दल ने तीन अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

जांच दल ने के.जी.टी. हॉस्पिटल, झारखंड हॉस्पिटल और निरामयदास हेल्थ केयर सेंटर पहुंचकर वहां संचालित अल्ट्रासाउंड सेवाओं से जुड़े दस्तावेजों, अभिलेखों और अन्य आवश्यक मानकों की जांच की। इस दौरान केंद्रों में नियमों के अनुपालन के साथ-साथ रिकॉर्ड के संधारण की स्थिति भी देखी गई।

निरीक्षण के दौरान कुछ केंद्रों पर तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर कमियां सामने आईं। झारखंड अस्पताल में आवश्यक दस्तावेजों के समुचित रख-रखाव में कमी पाए जाने पर सिविल सर्जन ने अस्पताल प्रबंधन से लिखित स्पष्टीकरण तलब किया है।

सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने संबंधित केंद्र संचालकों को निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप जल्द से जल्द दूर किया जाए। साथ ही सभी आवश्यक दस्तावेजों और अभिलेखों का व्यवस्थित एवं अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) अधिनियम के प्रावधानों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन अथवा किसी तरह की अनियमितता सामने आने पर संबंधित संस्थान के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अल्ट्रासाउंड सेवाओं को निर्धारित कानूनी एवं चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप संचालित कराना तथा स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।