जेएलकेएम के रामगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी पानेश्वर महतो लापता, अपहरण की आशंका

Spread the love

बेलोरो से आए लोगों द्वारा जबरन ले जाने की चर्चा, गोबरदरहा चौक पर मिली गाड़ी ; वाहन में मिला मोबाइल

रामगढ़ कैंट, झारखंड : जेएलकेएम के रामगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी पानेश्वर महतो के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों और समर्थकों के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 10 बजे बेलोरो वाहन से पहुंचे कुछ लोग पानेश्वर महतो को कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले गए। घटना के बाद से उनके परिजन और समर्थक परेशान हैं तथा उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि पानेश्वर महतो की गाड़ी गोबरदरहा चौक के पास मिली है। वाहन के अंदर उनका मोबाइल फोन भी बरामद होने की बात सामने आई है। इसके बाद से उनके समर्थकों में चिंता बढ़ गई है।

घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ लोगों को आशंका है कि पानेश्वर महतो का अपहरण किया गया है, जबकि दूसरी ओर यह चर्चा भी है कि किसी मामले में पुलिस ने उन्हें पूछताछ या कार्रवाई के लिए अपने साथ लिया हो सकता है। हालांकि, किस थाना या जिले की पुलिस ने उन्हें अपने साथ लिया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है।

वहीं, रामगढ़ थाना पुलिस से मामले की जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।

जेएलकेएम के नेता और कार्यकर्ता भी अपने नेता की तलाश में जुटे हुए हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पानेश्वर महतो के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। मामले को लेकर परिजनों और समर्थकों में काफी चिंता बनी हुई है।