मुर्रामकला डंपिंग यार्ड का उपायुक्त ने किया निरीक्षण, 30 दिनों में Legacy Waste हटाने का निर्देश

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर रामगढ़ के उपायुक्त ऋतुराज ने मुर्रामकला स्थित डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लंबे समय से जमा Legacy Waste (पुराने कचरे) के उठाव और निस्तारण की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने डंपिंग यार्ड से पुराने कचरे के उठाव, परिवहन और निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए 30 दिनों के भीतर डंपिंग यार्ड में जमा Legacy Waste की सफाई एवं निस्तारण पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए केवल घर-घर कचरा संग्रहण पर्याप्त नहीं है। वर्षों से जमा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण भी जरूरी है। उन्होंने कचरा संग्रहण से लेकर परिवहन और अंतिम निस्तारण तक पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।

1 सितंबर से फिर शुरू हुआ डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण

रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में 1 सितंबर 2026 से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था दोबारा शुरू की गई है। इसके तहत नगर क्षेत्र के घरों से नियमित रूप से कचरा एकत्र कर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था की जा रही है।

उपायुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि घरों से निकलने वाले कचरे को सड़क, नाली या खुले स्थानों पर नहीं डालें। कचरा केवल निर्धारित डोर-टू-डोर संग्रहण वाहन को ही दें। उन्होंने लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की भी अपील की।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर रामगढ़ के लिए प्रशासन और नगर निकाय के प्रयासों के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। नागरिक स्वच्छता नियमों का पालन करें और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने में सहयोग दें।

निरीक्षण के दौरान छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य कर्मी मौजूद रहे।