झारखंड में कारोबार विस्तार को गति देगा यूनियन बैंक, रिटेल, कृषि और एमएसएमई पर फोकस

Spread the love

एमडी एवं सीईओ आशीष पांडेय ने राज्य सरकार के साथ बैंकिंग सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर

रांची, झारखंड :  यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने झारखंड में अपने बैंकिंग कारोबार और ग्राहक आधार को और मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाने के संकेत दिए हैं। बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष पांडेय ने अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे के दौरान बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य में कारोबार विस्तार की संभावनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।

झारखंड प्रवास के दौरान आशीष पांडेय ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से मुलाकात की। इस दौरान राज्य में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, सरकार के साथ बेहतर समन्वय तथा आर्थिक गतिविधियों में बैंक की भागीदारी बढ़ाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

रिटेल, कृषि और एमएसएमई ऋण पर विशेष जोर

आशीष पांडेय ने राज्य में बैंक के मौजूदा कारोबार की समीक्षा करते हुए रिटेल, कृषि और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में ऋण कारोबार बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से राज्य की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और नए ग्राहकों तक पहुंच बढ़ाने की दिशा में काम करने को कहा।

उन्होंने कहा कि झारखंड में युवाओं, किसानों, उद्यमियों और छोटे कारोबारियों के लिए वित्तीय सहायता की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। बैंक इन वर्गों की जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर अपने कारोबार का विस्तार करने के साथ राज्य के आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

डिजिटल बैंकिंग को बनाया जाएगा कारोबार वृद्धि का माध्यम

बैंक के सीईओ ने डिजिटल बैंकिंग और तकनीक आधारित सुविधाओं को ग्राहक सेवा में सुधार की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक बैंकिंग तकनीकों के माध्यम से ग्राहकों को तेज, सुविधाजनक और सरल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।

यूनियन बैंक का उद्देश्य झारखंड में कारोबार, ग्राहक संख्या और बाजार हिस्सेदारी को तेजी से बढ़ाना है। इसके लिए बैंक की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में ऋण सुविधा का विस्तार करने के साथ-साथ ग्राहकों तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

बैंक प्रबंधन के इस दौरे को झारखंड में यूनियन बैंक की भविष्य की कारोबारी रणनीति और विस्तार योजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।